हमीरपुर : जगदीप धनखड़ के हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के दौरे की तैयारियों की शुक्रवार को यहां समीक्षा की गयी। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने इस संबंध में जिला के पुलिस, प्रशासनिक और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उपायुक्त ने कहा कि उपराष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रस्तावित हेलीपैड और जिला के अन्य वैकल्पिक हेलीपैडों की मरम्मत कर दी गई है और गुरुवार को इन हेलीपैडों पर ट्रायल लैंडिंग भी सफलतापूर्वक हो गई है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हेलीपैड के आस-पास और उपराष्ट्रपति के काफिले के रूट पर किसी भी तरह की व्यवस्था में अगर कोई कमी नजर आती है तो उसे तुरंत दूर करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। दोनों आयोजन स्थलों पर भी उपराष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुसार तथा उनके सचिवालय की ओर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार पुख्ता प्रबंध होने चाहिए।
बैरवा ने बताया कि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और कई अन्य गणमान्य अतिथि भी पांच एवं छह जनवरी को हमीरपुर में रहेंगे। उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति के दौरे के लिए प्रदेश सरकार की ओर से ‘मिनिस्टर इन वेटिंग’ के रूप में कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी को नामित किया गया है। वह इस दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति के साथ रहेंगे। बैठक में एसपी डॉ. आकृति शर्मा ने हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था तथा छह जनवरी के लिए प्रस्तावित ट्रैफिक प्लान की जानकारी दी।
धनखड़ के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गयी