हिसार : अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और इसके विरोध में कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर किये गये लाठीचार्ज के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिसार में मंगलवार को सिरसा रोड स्थित भाजपा कार्यालय के समक्ष हेलमेट पहनकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आप के जिलाध्यक्ष दलबीर किरमारा ने किया। प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के तौर पर कांग्रेस नेता बजरंग गर्ग और अन्य भी शामिल हुये।
प्रदर्शन फतेहाबाद में भाजपा कार्यालय के बाहर भी हुआ। यहाँ पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की तो कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे टोहाना के पूर्व विधायक हरपाल सिंह, आप के जिला अध्यक्ष गुरविंदर सिंह गरजाआदि ने कहा कि केंद्र सरकार बदले की भावना के साथ काम कर रही है।