गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बदायूं में महिला की गला रेत कर हत्या

बदायूं : उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में संदेहास्पद परिस्थितियों में मंगलवार भोर एक विवाहिता की गला रेत कर हत्या कर दी गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाईपास रोड स्थित राजनगर कॉलोनी में आज सुबह करीब साढ़े चार बजे एक विवाहिता की गला काटकर हत्या कर दी गई। महिला अपने पति के साथ दिल्ली से दवा लेकर वापस अपने गांव मानिकपुर आ रही थी कि तभी रास्ते में चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और महिला से 42 हजार रुपये और मोबाइल भी लूट लिया। इस घटना में महिला का पति भी घायल हुआ हैl
उन्होने बताया कि क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी सरताज अपनी पत्नी समरीन उर्फ निदा (25) को कुछ दिन पूर्व दवा दिलाने दिल्ली लेकर गया थाl सरताज ने पुलिस को बताया है कि आज सुबह वह और समरीन दिल्ली से बस द्वारा लगभग 4:00 बजे उझानी पहुँचे जहां से बाईपास स्थित राजनगर कॉलोनी के शॉर्टकट के रास्ते से वह अपनी पत्नी निदा के साथ अपने गांव को जा रहा था कि कच्चे रास्ते में चार लोगों ने दोनों को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
बदमाशों के चंगुल से निकलकर वह अपने गांव की तरफ भाग गया और वहां से अपने परिजनों को लेकर जब वापस लौटा तो देखा उसकी पत्नी समरीन उर्फ निदा का गला कटा हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 बृजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर सरताज से पूछताछ कीl
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ बृजेश सिंह ने बताया है कि पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला की चाकू मार कर हत्या कर दी गई है। सूचना पर उझानी पुलिस मौके पर पहुंची जहां राजनगर कॉलोनी के कच्चे रास्ते पर एक महिला का शव पड़ा मिला, जिसके गर्दन पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया था। इस मामले की छानबीन की जा रही है। मृतका का पति बार-बार बयान बदल रहा है, उससे पूछताछ की जा रही है। महिला के मायके वालों को भी बुलाया गया है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *