रांची : झारखंड के रांची के नामकुम थाना पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख मांगने वाले मिनेश सांगा को भुसुर चौक से गिरफ्तार किया है। वह मूल रुप से खूंटी के कर्रा का रहने वाला है। इसके पास से पीएलएफआइ का दो पर्चा, दो मार्कर पेन और मोबाईल फोन बरामद किया गया है। एसएसपी किशोर कौशल ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित बीते सात अक्टूबर को शिव शंकर ठाकुर से पीएलएफआई का पर्चा फेंक कर 50 लाख रुपये की मांग की गयी थी।
जिंदा या मुर्दा 10 लाख रुपया देने का लिखा हुआ पर्चा मिला था। इस संबंध में नामकुम के खरसीदाग निवासी शिव शंकर ठाकुर ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। सूचना के बाद पुलिस ने नामकुम थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया। इससे पूछताछ की जा रही है। इसका पूरा डिटेल पुलिस खंगाल रही है।