भुवनेश्वर : ओडिशा में बालासोर जिले के बहनागा बाजार रेलवे स्टेशन पर हुए भीषण ट्रेन हादसे के पांच दिन बाद भी 119 घायल यात्री कटक स्थित एससीबी मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है। पिछले दो जून को शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस, बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी से जुड़ी शुक्रवार की दुर्घटना में 288 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 1,000 से अधिक यात्री घायल हो गए थे, जिनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 201 घायल यात्रियों को एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार तक 82 लोगों को छुट्टी दे दी गयी जबकि 119 घायलों का आर्थोपेडिक, नेत्र विज्ञान, सर्जरी और न्यूरोसर्जरी विभागों में उपचार चल रहा है जिनमें से 14 मरीज आईसीयू में हैं। मरीजों की देखभाल के लिए विशेष मेडिकल टीमों का गठन किया गया है।
भुवनेश्वर नगरनिगम आयुक्त बिजय अमृत कुलंगे ने बताया कि भुवनेश्वर लाये गये 193 शवों में से 82 शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पायी है।
शव के दावे पर विवाद होने की स्थिति में शवों की पुष्टि और पहचान के लिए डीएनए परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ”हम शवों की शीघ्र पहचान और उनके रिश्तेदारों को सौंपने के लिए पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड सहित विभिन्न राज्य सरकारों के अधिकारियों और रेलवे अधिकारियों के साथ भी समन्वय कर रहे हैं। हम यह भी सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि सही व्यक्ति को शव मिले।”