मुंबई : देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-शिवसेना सरकार महाराष्ट्र को मादक पदार्थ मुक्त राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है। फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने ड्रग्स और साइकोट्रोपिक पदार्थों के खतरे से निपटने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पहल की हैं। गौरतलब है कि फडणवीस महाराष्ट्र के गृह मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नशीले पदार्थों से संबंधित कानूनों को और अधिक कठोर बनाने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा, “साइकोट्रोपिक ड्रग्स का खतरा फैल रहा है और इसलिए कड़े कानून जरूरी हैं।”
इस मौके पर राज्य के पर्यटन और महिला एवं बाल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी थे। फडणवीस इस साल के चातुर्मास के लिए मुंबई आए जैन धर्म के तेरापंथ संप्रदाय के आचार्य श्री महाश्रमण को सम्मानित करने के लिए आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थि हुए। यह समारोह मुंबई के गोरेगांव में नेस्को ग्राउंड में आयोजित किया गया था।
चातुर्मास चार महीने की मानसून अवधि है, जिसके दौरान जैन संन्यासी बारिश के दौरान पनपने वाले कीड़ों और जीवन के अन्य छोटे रूपों को गलती से मारने के जोखिम को कम करने के लिए एक स्थान पर रहते हैं। इस मौके पर आचार्य महाश्रमण प्रवास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष मदनलाल तातेड़, संयोजक बी.सी .भलावत, मुख्य प्रबंधक मनोहर गोखरू एवं महासचिव सुरेंद्र कोठारी तथा महेश बाफना मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि आचार्य महाश्रमण भारत के 22 अन्य राज्यों और पड़ोसी मुल्क नेपाल तथा भूटान की 55,000 किलोमीटर की लंबी और कठिन पैदल यात्रा पूरी करने के बाद मुंबई पहुंचे। दो दशक के अंतराल के बाद आचार्य महाश्रमण मुंबई आए हैं। इस वर्ष के चातुर्मास का उद्देश्य समाज कल्याण और नशामुक्ति का संदेश फैलाना है। उन्होंने कहा, “आर्थिक, भौतिक, सामाजिक विकास के साथ-साथ नैतिकता के विकास का भी प्रयास होना चाहिए । अहिंसा , जीवन में तपस्या ही ही वास्तविक धर्म है।”
महान शिक्षक, लेखक, रणनीतिकार, दार्शनिक, अर्थशास्त्री, न्यायविद् और शाही सलाहकार चाणक्य का हवाला देते हुए श्री फडणवीस ने कहा, “चाणक्य ने एक बार कहा था कि किसी को हराने के लिए हमेशा युद्ध लड़ने की जरूरत नहीं होती है, बल्कि यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह वे नशेड़ी बन जाएं। उनकी लत उन्हें उनके द्वारा किए जाने वाले काम पर ध्यान देने से रोकेगी।”
इस मौके पर उपस्थित अन्य लोगों में जीतो से सुखराज नाहर, गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब से विनय जैन, दिगंबर जैन समाज से के.सी. जैन, भरत जैन महामंडल से सीसी डांगी, सांसद गोपाल शेट्टी, पूर्व मंत्री राज के पुरोहित, विधायक गीता जैन, पूर्व विधायक नरेंद्र मेहता, मोहन खेड़ा, तीर्थ से पृथ्वीराज कोठारी, कोटक फाइनेंस से नीलेश शाह, अग्रोहा विकास ट्रस्ट से सचिन अग्रवाल, डॉ. गौतम भंसाली शामिल हैं।
महाराष्ट्र को नशा मुक्त बनाया जाएगा