देहरादून : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील में दूरस्थ सालरा गांव में सोमवार पूर्वाह्न शॉर्ट सर्किट से लगी आग में दस मकान पूरी तरह नष्ट हो गए। जबकि चार मकानों में आंशिक नुकसान हुआ है। इतना ही नहीं आग बुझाने की कोशिश में कुल छह लोग झुलस भी गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव जाने के लिए करीब आठ किलोमीटर पैदल ही एकमात्र रास्ता होने के कारण बचाव दल समय से घटना स्थल नही पहुंच सके। आग पर ग्रामीणों ने ही किसी तरह काबू पाया।
उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र सिंह पटवाल ने बताया कि आज सुबह लगभग 11:00 बजे मोरी तहसील से लगभग आठ किमी दूरस्थ स्थित सालरा में अनिल सिह पुत्र रणवीर सिह के मकान मे शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग से आसपास के 10 आवासीय मकान जलकर पूर्ण क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि 04 मकान आंशिक क्षतिग्रस्त हुये। साथ ही 01 कुठार (अनाज रखने का स्थान) जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने क्षेत्रीय राज्य निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर बताया कि आग को ग्रामीणों द्वारा नियंत्रित किया गया।
श्री पटवाल ने बताया कि आग को बुझाने की कोशिश में 06 व्यक्ति झुलसकर घायल हो गए। जिसमें से एक व्यक्ति यमराज थापा पुत्र रेशम थापा को प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र मोरी भेजा गया है। अन्य घायल अभी गाँव में घरेलू उपचार करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अन्य किसी प्रकार की जन एवं पशु हानि नहीं हुई है। घटनास्थल पर तहसीलदार मोरी के अलावा, राजस्व उपनिरीक्षक, अग्निशमन, एसडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग, पशु विभाग की टीम मौजूद है। उप जिलाधिकारी, पुरोला भी दोपहर में ग्राम सालरा के लिए पैदल चले है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित 22 परिवारों को तत्काल राहत सहायता हेतु प्रति परिवार 5000 रूपये सहायता, 01-01 तिरपाल व दो-दो कम्बल वितरण हेतु ग्राम सालरा भेजा गया है।
उत्तराखंड के गांव में लगी आग से 14 घर जले, 6 लोग झुलसे