गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गुजरात में 33 जिलों में आयोजित होंगे 37 गरीब कल्याण मेले

गोधरा : गुजरात में 13वें चरण के गरीब कल्याण मेले 33 जिलों और चार महानगरों समेत 37 स्थलों पर दो दिनों के लिए शुक्रवार और शनिवार को आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज आदिवासी बहुल जिले पंचमहाल जिले के गोधरा से गरीब कल्याण मेले का शुभारंभ कराते हुए एक ही दिन में 35,583 से अधिक लाभार्थियों को 281 करोड़ रुपए की विभिन्न सहायतायें उपलब्ध करायीं।
श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि गरीबों और वंचितों को सरकारी योजनाओं का लाभ हाथोंहाथ पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आदिवासी बहुल गोधरा शहर से गरीबों के सशक्तीकरण के लिए गरीब कल्याण मेला के 13वें चरण का राज्यव्यापी शुभारंभ कराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण करते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने पहले भाषण में कहा था, “ सरकार गरीब, वंचित, पीड़ित, शोषित और अंत्योदय उत्थान को प्राथमिकता देगी, उनकी इस बात को गरीब कल्याण मेले ने भलीभांति चरितार्थ किया है। ”
राज्य के अन्य जिला मुख्यालयों पर राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और पदाधिकारियों ने गरीब कल्याण मेले का प्रारंभ कराया। तेरहवें चरण के ये गरीब कल्याण मेले 33 जिलों और चार महानगरों समेत 37 स्थलों पर दो दिनों के लिए यानी 14 और 15 अक्टूबर को आयोजित होंगे। राज्य सरकार के कार्यमंत्र ‘हर हाथ को काम, हर काम का सम्मान’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण मेलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं के लाभ और सहायता सीथे गरीबों को हाथोंहाथ दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 12 चरणों में आयोजित हुए 1567 गरीब कल्याण मेलों के माध्यम से 1.65 करोड़ दरिद्र नारायणों को 34,598 करोड़ रुपए के लाभ-सहायता हाथोंहाथ पहुंचाई गई है। उन्होंने और महानुभावों ने पंचमहाल जिले में 35,583 से अधिक लाभार्थियों को 281 करोड़ रुपए की विभिन्न सहायताओं का वितरण किया। उन्होंने पंचायत विभाग की विभिन्न 22 योजनाओं पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘आगेकूच’ का विमोचन भी किया।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी द्वारा गुजरात के मुख्यमंत्रित्व काल के दौरान शुरू की गयी विकास की राजनीति के दो दशकों के फल हम सभी चख रहे हैं। उन्होंने गुजरात से गरीबी दूर करने के साथ रोजगार प्रदान करने और उद्योगों के विकास के साथ-साथ लोगों को व्यापार-रोजगार देने का सेवायज्ञ शुरू किया है। प्रत्येक क्षेत्र में विकास कर वंचितों को योजनागत लाभ देने की शुरुआत उन्होंने की है, जिसके फल आज हमें मिल रहे हैं।
श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बतौर मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल के दौरान गुजरात में सुव्यवस्थित सड़कों, शुद्ध पेयजल, 24 घंटे बिजली, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उद्योग क्षेत्र के विकास की एक मजबूत नींव रखी थी, हमारी सरकार इस नींव पर तेज गति से बुलंद इमारत खड़ी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *