गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ओडिशा में तीन वन्यजीव अपराधी गिरफ्तार, तेंदुए की खाल बरामद

भुवनेश्वर : ओडिशा पुलिस अपराध शाखा के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने तीन वन्यजीव अपराधियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से तेंदुए की तीन खालें और कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। यह जानकारी सूत्रों ने रविवार को दी। एसटीएफ के सूत्रों के अनुसार, विश्वस्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की एक टीम ने झारसुगुड़ा और संबलपुर जिला पुलिस की सहायता से शुक्रवार को कोलाबिरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मलिधि छाका और जुजुमारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पलसामल गांव में छापा मारकर इन अपराधियों को गिरफ्तार किया।

मलिधी छाका झारसुगुड़ा जिले में आता है, जबकि पलसामल गांव संबलपुर जिले के अंतर्गत आता है। आरोपियों की पहचान सुमित कुमार पटेल, कृपा साहू और आदित्य पात्रा के रूप में की गई है। एसटीएफ ने तलाशी के दौरान उनके पास से तेंदुए की तीन खालें और कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर झारसुगुड़ा के अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में भेज दिया गया है। आरोपियों पर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *