कोलकाता : अभिषेक बनर्जी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से समन जारी किये जाने के बाद मंगलवार को जांच एजेंसी को पत्र लिखा। बनर्जी ने आज ईडी को पत्र लिखकर उसके समक्ष प्रस्तुत होने में असमर्थता जताई और कहा कि वह पहले से पार्टी के एक कार्यक्रम में व्यस्त हैं। बनर्जी ने कहा, “मैं समन का उचित जवाब देने में असमर्थ हूं, क्योंकि आपने ऐसी जानकारी/दस्तावेज मांगे हैं, जिसका 29 मार्च, 2023 को मेरे से भाषण से कोई संबंध नहीं है और यह इस मामले में अदालत की ओर से दिए गए निर्देशों से परे है।”
उन्होंने कहा, “मैं अभी कोलकाता में नहीं हूं और राज्य के लोगों से सम्पर्क साधने के लिए राज्यभर का दौरा कर रहा हूं। राज्य में आठ जुलाई को पंचायत के चुनाव होने वाले हैं और मैं उसकी तैयारी में जुटा हुआ हूं।” पार्टी राष्ट्रीय महासचिव ने कहा, “यह कहना अप्रसांगिक नहीं होगा कि आपकी ओर से मांगी गयी जानकारी/दस्तावेज पहले से संबंधित अधिकारियों/विभागों के पास है। आपके कार्यालय की ओर से एक दशक पुरानी जानकारी/दस्तावेज मांगीं गयी हैं और मैं उन जानकारियों/दस्तावेजों को संग्रहित कर रहा हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं आपके कार्यालय से जांच के दायरे/उद्देश्य के बारे में जानना चाहता हूं, जिसके तहत मुझे समन जारी किया गया है।” श्री बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं जांच के सिलसिले में कानून की स्वीकार्य सीमाओं में मेरा सहयोग देने को तैयार हूं ।’’ तृणमूल कांग्रेस सांसद बनर्जी से केन्द्रीय जांच ब्यूरो अधिकारियों ने प्राथमिक स्कूल नौकरी घोटाले की जांच के सिलसिले में 20 मई को कोलकाता कार्यालय में नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।
अभिषेक ने ईडी को लिखी चिट्ठी