ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए रविवार को राज्य के लोंगडिंग जिले के सीमावर्ती गांवों से तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और नकदी बरामद किया।
वक्का शहर के पास एनएससीएन-के (वाईए) के संदिग्ध लोगों की मौजूदगी के बारे में एक इनपुट प्राप्त हुई थी जिसके आधार पर, असम राइफल्स की खोंसा बटालियन ने स्थानीय पुलिस की सहायता से 17 और 18 जून की मध्य रात्रि में अभियान की शुरुआत की, जिसमें तीन लोगों को वक्का और खानू गांवों में लगभग सात लाख रुपये के मादक पदार्थों के साथ पकड़ा गया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान खानू गांव निवासी पोंगन्याई वांगसा (27), नगीनू गांव के मंथक संकोई (20) और लोंगडिंग जिले के चोफ गांव के सामोंग गंगसा (32) के रूप में की गई है।
पुलिस ने अनुसार, स्थानीय लोगों के समर्थन में कमी होने के कारण उनके जबरन वसूली की गतिविधियों में कमी आई है, इसलिए वे राष्ट्र विरोधी तत्व इस क्षेत्र में उग्रवाद को बढ़ावा देने के लिए नए उपायों की तलाश कर रहे हैं। मादक पदार्शों का व्यापार इस क्षेत्र को अशांत करने का एक प्रमुख कारण बन चुका है।
अनुमान लगाया गया है कि इसका व्यापार बड़े नार्को-आतंकवाद रैकेट का बड़ा हिस्सा है जो इस क्षेत्र में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करके उग्रवाद को बढ़ावा देता है। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने नार्को-आतंकवाद गठजोड़ को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाया है और इन लोगों की गिरफ्तारी विद्रोहियों के नापाक इरादों को असफल करने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है।