गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

यमुना नदी में डूबी नाव, 3 की मौत, 17 अभी भी लापता

बांदा/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले मेंयमुना नदी में एक नाव डूबने से दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गयी तथा कम से कम 17 लोग लापता हैं, जबकि देर रात तक चले बचाव कार्य के फलस्वरूप 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से चार चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के मंत्री रामकेश निषाद और राकेश सचान को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश दिये हैं। अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी के कार्यालय से देर रात दी गयी जानकारी के मुताबिक नाव के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार यमुना नदी में फतेहपुर से आ रही नाव बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गयी। लापता लोगों की तलाश हेतु एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस व जल पीएसी घटनास्थल पर पहुंच गई और बड़ी संख्या में जवानों ने लापता हुए लोगों की तलाश का मोर्चा संभाल लिया। बीती रात अंधकार और वर्षा के कारण रोका गया बचाव अभियान आज सुबह 7:00 बजे से युद्ध स्तर पर पुनः शुरू हुआ। बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि इस दुर्घटना में लापता हुए लोगों की तलाश सुबह से ही शुरू कर दी गई लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद है। यमुना घाट पर नागरिकों का जमघट लगा हुआ है।
मिश्र ने बताया कि तीन मृतकों की शिनाख्त फतेहपुर जिले के जरौली गांव निवासी राम प्रसाद की पत्नी फुलवा, राम नगर कोहन निवासी राजेंद्र सिंह की पत्नी राजरानी और मरका निवासी दिनेश केवट के 07 वर्षीय पुत्र किशन के रूप में की गई है। नाव में लगभग 35 लोग सवार थे। जिसमें 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। दो महिलाये और एक बच्चे का शव बरामद कर उसकी शिनाख्त कराई गई। 17 लोग अब भी लापता बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *