कोलंबो : श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की पार्टी ने कहा कि वह अपने एक प्रांतीय नेता के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जिन्होंने चीनी दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया और बीजिंग से मांग की कि वह श्रीलंका के ऋण का पुनर्गठन करे। यह जानकारी डेली मिरर ने सोमवार को दी। डेली मिरर के अनुसार, यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) ने कहा कि वह स्थानीय सरकार के सदस्य शशि हेट्टियाराची के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
यूएनपी के एक नेता ने कहा कि “हमारी पार्टी का इस विरोध से कोई लेना-देना नहीं है। हमारी पार्टी कूटनीति में विश्वास करती है और हमारी सरकार कूटनीतिक संबंधों के माध्यम से चीन के साथ ऋण मामलों को सुलझाने की दिशा में काम कर रही है।”
उन्होंने कहा कि ऋण पुनर्गठन का मामला वित्त मंत्री से संबंधित है न कि प्रदेशीय सभा के सदस्य से संबंधित। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही निर्णय लेगी कि उनसे कैसे निपटा जाए।