चेन्नई : तमिलनाडु में चेन्नई शहर के नांगनल्लूर इलाके में बुधवार को धर्मलिंगेश्वर मंदिर के तालाब में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने आज यहां बताया कि घटना धर्मलिंगेश्वर मंदिर में उस समय हुई जब तमिल महीना ‘पंगुनी’ के समापन पर दस दिवसीय वार्षिक उत्सव ‘तीर्थवारी’ अनुष्ठान मनाया जा रहा था। इस उत्सव के दौरान मंदिर में प्रतिष्ठित देवता की मूर्ति को मंदिर के तालाब के पानी में स्नान कराया जाता है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना में मारे गये पांचों लोगों की पहचान राघवन, लोकेश्वरन, बनेश, सूर्या और एक अन्य राघवन के रूप में की गयी है। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए क्रोमपेट सरकारी अस्पताल भेज दिया। मंदिर के पुजारी सहित अनुष्ठान से जुड़े करीब 25 लोग 20 फुट गहरे तालाब में उतरे थे, तभी यह दुर्घटना घटी। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और मंदिर को बंद कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से यहां जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है और घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री जन राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की हैं।
तालाब में डूबने से पांच लोगों की मौत