हैदराबाद : तेलंगाना के कई जिलों में बुधवार को लू चलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के भद्राद्री कोठागुडेम, खम्मम, नलगोंडा और सूर्यापेट जिलों के अलग-अलग इलाकों में आज और आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, मनचेरियल जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में गुरुवार और शुक्रवार को लू चलने के अनुमान हैं। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में मंगलवार को कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया जबकि कल खम्मम में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, तेलंगाना के आदिलाबाद, निर्मल, निजामाबाद, जगतियाल, राजन्ना सिरसिला, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, यदाद्री सहित अन्य कई जिलों के अलग-अलग स्थानों पर अगले 24 घंटे में गरज के साथ बिजली चमकने के अनुमान हैं। विभाग के मुताबिक, सात से 11 जून के बीच राज्य के अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके अलावा, यहां अलग-अलग स्थानों पर पिछले 24 घंटे में वर्षा हुयी।