चेन्नई : भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने एक त्वरित कार्रवाई करते हुये मंडपम के पास समुद्र में फेंके गए 1,137 किलोग्राम प्रतिबंधित कच्चे समुद्री खीरे (समुद्री जीव) को जब्त कर लिया है। गुरुवार को जब्त किए गए इन कच्चे समुद्री खीरे की कुल कीमत का अनुमान 5.11 करोड़ रुपये लगाया गया है। सूत्रों से मिली गुप्त जानकारी के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए मंडपम में आईसीजी स्टेशन ने नाव से तुरंत संदिग्ध स्थान पर अपनी त्वरित प्रतिक्रिया टीम को तैनात किया।
समुद्र की ओर से स्थान पर पहुंचते हुए, तटरक्षक प्रतिक्रिया टीमों ने प्रशिक्षित गोताखोरों का उपयोग करके क्षेत्र में व्यापक खोज की। रक्षा विभाग की शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में कहा गया कि व्यापक खोज के बाद तटरक्षक गोताखोरों को मंडपम शहर के दक्षिण में स्थित वेदलाई समुद्र तट के पास तस्करों द्वारा कथित तौर पर फेंके गए 67 बोरे मिले। पिछले दो महीनों में मंडपम के पास भारतीय तट रक्षक द्वारा समुद्री खीरे की यह दूसरी बरामदगी है। समुद्री खीरे एकल शाखा वाले समुद्री जीव हैं और उनका संग्रह और व्यापार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची के तहत प्रतिबंधित है।
आईसीजी ने समुद्री खीरे जब्त किए