नागपुर : के चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने गुरुवार को महाराष्ट्र के नागपुर में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पहले कार्यालय का उद्घाटन किया। बीआरएस प्रमुख ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आज नागपुर में पार्टी कार्यालय की शुरुआत करते हुए आरएसएस के गढ़ प्रवेश किया। नागपुर में पार्टी कार्यालय की स्थापना करने का अपना एक महत्व है क्योंकि केसीआर राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का मुकाबला करना चाहती है इसलिए भाजपा शासित राज्यों में बीआरएस का विस्तार कर रही है।
केसीआर ने देश में कृषि और किसानों का मुद्दां उठाकर अपना आधार मजबूत करने की एक महत्वाकांक्षी राजनीतिक कोशिश की है। इसे केसीआर को एक राष्ट्रीय नेता के रूप में पेश करने की कोशिश भी माना जा सकता है न कि केवल तेलंगाना राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में।
सूत्रों ने यूनीवार्ता से कहा कि उनका उद्देश्य कृषक समुदाय के ज्यादा से ज्यादा लोगों का ध्यान आकर्षित करना है और विदर्भ पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, जहां पिछले कुछ दशकों से अलग राज्य बनाने की मांग की जा रही है। इसके अलावा, सभी संसाधन होने के बावजूद इस क्षेत्र में किसान अभी भी आत्महत्या कर रहे हैं जो कि एक चिंता का विषय है।
इसलिए, बीआरएस ने 22 मई को अपने पारंपरिक गढ़ तेलंगाना से आगे बढ़ते हुए महाराष्ट्र में पार्टी समितियों का गठन करना शुरू किया। हाल ही में मराठवाड़ा के नांदेड़ में एक रैली का आयोजन किया गया जिसमें केंद्र की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार पर किसानों और दबे-कुचले लोगों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया गया। महाराष्ट्र के बाद बीआरएस प्रमुख केसीआर का अगला लक्ष्य मध्य प्रदेश है क्योंकि भाजपा शासित राज्य के कई नेता बीआरएस में शामिल चुके हैं।
केसीआर ने बीआरएस कार्यालय का किया उद्घाटन