80 फीसदी एडवांस बुकिंग
शिमला : क्रिसमस और नये साल के उत्सव के लिए हिमाचल की पर्यटन नगरी मनाली सजने लगी है। पर्यटन निगम समेत अन्य बड़े होटलों में न्यू ईयर व क्रिसमस क्वीन चुनी जाएगी। होटल संचालकों ने इसके लिए अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं शहर में अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों की सख्या हर रोज बढ़ने लगी है। हिमपात न होने के कारण मनाली की चोटियां सूनी दिखने लगी हैं, लेकिन मनाली आने वाले पर्यटकों को कोकसर व सिस्सू में बर्फ देखने को मिलेगी। मनाली में अधिकतर होटलों में 70 से 80 प्रतिशत कमरे एडवांस में बुक हो गए हैं। मनाली में छोटे बड़े 1500 से अधिक होटल, रिजॉर्ट, होम स्टे और गेस्ट हाउस व कॉटेज हैं, जहां एक रात में 40 हजार हजार से अधिक पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था है।
होटल अनंत माया के मैनेजर रवि, मनु आलय मैनेजर राणा, बड़ा गढ़ रिजॉर्ट के एमडी नकुल खुलर और रोहतांग हाइट के सुशील ने बताया कि होटलों में ठहरे पर्यटकों में प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी और बेस्ट कपल, न्यू ईयर व क्रिसमस क्वीन का चयन किया जाएगा। विजेता पर्यटकों को एक दिन होटल में फ्री ठहरने का मौका दिया जाएगा। मनाली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि क्रिसमस व न्यू ईयर पर इस बार मनाली में पर्यटन कारोबार अच्छा रहेगा। पर्यटन निगम के क्ळड बलबीर का कहना है कि क्रिसमस व न्यू ईयर के दौरान पर्यटन निगम के होटलों में ठहरने वाले पर्यटक लाइव डीजे व कुल्लुवी नाटी का आनंद लेंगे। मनाली के अधिकारी हेमराज वर्मा का कहना है क्रिसमस व न्यू ईयर को लेकर पुलिस अतिरिक्त जवान तैनात करेगी।