गांधीनगर : गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरूवार को ‘पीएम गति शक्ति गुजरात’ पोर्टल लॉन्च किया। श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात केंद्रित लक्षित कार्ययोजना (फोकस्ड टारगेटेड एक्शन प्लान) के विभिन्न क्षेत्रों में क्रियान्वयन के माध्यम से इंफ्रास्ट्रक्चर परिदृश्य में बड़े पैमाने पर परिवर्तन लाने वाला राज्य बना है। उन्होंने आज गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी में प्रधानमंत्री द्वारा लॉन्च किए गए ‘पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान’ के क्रियान्वयन के लिए ‘आजादीएट75: पीएम गति शक्ति गुजरात’ पर आयोजित सेमिनार को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने ‘पीएम गति शक्ति गुजरात’ पोर्टल को लॉन्च किया।
यह पोर्टल प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने तथा इस मास्टर प्लान के तीव्र क्रियान्वयन में काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने गर्व के साथ इस बात का उल्लेख किया कि श्री मोदी के सशक्त मार्गदर्शन और दिशानिर्देशों के अंतर्गत गुजरात राज्य स्तर पर गति शक्ति पोर्टल शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान’ भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर परिदृश्य को मजबूत बनाने में अहम योगदान देगा। इस प्लान से केवल ईज ऑफ डूइंग बिजनेस यानी कारोबार सुगमता ही नहीं बल्कि नागरिकों के लिए ईज ऑफ लिविंग यानी जीवन जीने की सुगमता भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने गुजरात के अनुकूल औद्योगिक इकोसिस्टम, विशाल संभावित बाजार, राजनीतिक स्थिरता और विश्वसनीय शासन के साथ वैश्विक व्यापार के लिए प्रदान किए जाने वाले अपार अवसरों का जिक्र करते हुए सेमिनार में सहभागी बने सभी लोगों से अनुरोध किया कि वे राज्य में उपलब्ध अवसरों की तलाश कर गुजरात एवं भारत की वृद्धि में भागीदार बने।
श्री पटेल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने दूरदर्शितापूर्ण सुधारों के साथ गुजरात के संतुलित एवं क्षेत्रीय विकास को सुदृढ़ बनाने में मुख्य भूमिका अदा की है। आर्थिक समृद्धि के लिए राज्य में कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया गया और इसके लिए केंद्रित लक्षित कार्ययोजनाएं लागू की गई हैं। इसके परिणाम स्वरूप राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर परिदृश्य में बड़े पैमाने पर परिवर्तन आया है।