गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भागसूनाग में फंसे 14 सैलानियों को रेस्क्यू किया

शिमला : हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के धर्मशाला में रविवार को 14 सैलानियों को रेस्क्यू किया गया। सभी 14 सैलानी मैक्लोडगंज के भागसूनाग वाटरफॉल के आस-पास फंसे थे। दरअसल, रविवार को बारिश होने के बाद वाटरफॉल में जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे वाटरफॉल के आस-पास एन्जॉय कर रहे पर्यटक फंस गए।
पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के जरिए एसडीआरएफ तक सूचना पहुंचाई। डीएसपी सुनील राणा तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाटरफॉल के नजदीक 2 अलग-अलग स्थानों पर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित वहां से निकाला। पर्यटकों को एसडीआरएफ वॉलंटियर्स ने पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू किया।
डीएसपी राणा के अनुसार, वाटरफॉल के पास एक महिला सहित तीन पर्यटक फंसे थे। इससे कुछ दूरी पर पंजाब और जम्मू से आए पांच पर्यटक फंस गए थे। रेस्क्यू किए गए पंजाब के पर्यटकों में दिलप्रीत सिंह, अमनप्रीत सिंह, मनप्रीत, राहुल गुप्ता और अमित महाजन शामिल हैं। भागसूनाग के पास पर्यटकों व स्थानीय लोगों सहित छह लोग फंसे थे।
इनमें गुरुग्राम के शुभम और विनीत, दिल्ली की प्रिया हीरू, मैक्लोडगंज के प्रीतम चंद, तेंजिन और अतुल शामिल थे। इन लोगों को भी एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया। इसके अलावा गुणा माता मंदिर मार्ग पर भी एक ही परिवार के तीन लोग रास्ता भटकने के चलते फंसे थे, जिनके बारे में सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने उन्हें भी रेस्क्यू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *