शिमला : हिमाचल प्रदेश में जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के कारगिल में जंस्कार घाटी को जोड़ने वाला शिनकु दर्रा पहली बार वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। खास बात यह है कि यहां पर वाहनों को आने-जाने की अनुमति उस समय दे दी गई जब बर्फबारी का मौसम भी है। आमतौर पर यह रास्ता बर्फबारी के कारण बंद रखा जाता था। वहीं, 5091 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह दर्रा बर्फ की चादर से लकदक रहता है। लाहौल में रामजक से जंस्कार घाटी में कारगायक को जोड़ने वाले 17 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण ने 2021 में पदम श्री से सम्मानित समाजसेवी चुलतिम चोंजो ने करवाया था।
उन्होंने अपनी बचत के पैसों से यह मार्ग बनवाया था।
साथ ही स्थानीय लोगों ने भी इस सड़क को बनाने में मदद की थी। हालांकि बाद में सड़क सीमा संगठन ने इस मार्ग को अपने नियंत्रण में ले लिया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। केंद्र ने 24 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी जिलों में 21 दिसंबर तक सुबह और शाम के समय धुंध पड़ने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस जिलों में धुंध ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।
उधर, न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आने से मैदानी जिलों में सुबह और शाम के बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना व मंडी जिले के लिए सुबह शाम ठंड बढ़ गई है। आज प्रदेश की राजधानी शिमला समेत अन्य भागों में मौसम साफ बना हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान शिमला में 8.3, सुंदरनगर 0.5, भुंतर 1.2, कल्पा 0.6, धर्मशाला 9.2, ऊना 2.6, नाहन 8.5, केलांग माइनस 4.6, पालमपुर 5.5, सोलन 2.3, मनाली 2.0, कांगड़ा 6.0, मंडी 1.3, बिलासपुर 5.5, हमीरपुर 2.7, चंबा 3.8, डलहौजी 9.7, जुब्बड़हट्टी 9.5, कुफरी 7.6, कुकुमसेरी 5.3, नारकंडा 5.2, कोटखाई 6.0, रिकांगपिओ 2.9, बरठीं 5.4 और पांवटा साहिब में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।