हैदराबाद : सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) ने शुक्रवार को हैदराबाद से सिंगापुर के लिए सेवाएं शुरू करने की घोषणा की।
एसआईए की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक पहली उड़ान 30 अक्टूबर रात 23.10 बजे हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से प्रस्थान करेगी। एयरलाइंस हैदराबाद और सिंगापुर के बीच दैनिक उड़ानें संचालित करेगी, जिसमें ए-350 सेवाएं प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित होंगी। एयरलाइन सप्ताह के शेष दिनों में अपनी बी737-8 नैरो-बॉडी सेवाओं का संचालन जारी रखेगी।
सिंगापुर एयरलाइंस के लिए भारत के महाप्रबंधक श्री साय येन चेन ने कहा, “हम ए-350 विमान के साथ हैदराबाद के लिए अपनी सेवाओं को बढ़ाने के लिए खुश हैं। एयरबस ए-350 मीडियम हॉल एयरक्राफ्ट, हमारी पुरस्कार विजेता इनफ्लाइट सेवा के साथ, हैदराबाद के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देगा।” जीएमआर हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ श्री प्रदीप पनिकर ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में जीएमआई हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (जीएचआईएएल) ने अंतरराष्ट्रीय यात्री यातायात में उल्लेखनीय वृद्धि देखी है।
सिंगापुर हैदराबाद से सबसे अधिक मांग वाले गंतव्यों में से एक है और ये आवागमन त्यौहारी सीजन के दौरान और बढ़ जाता है। श्री पनिकर ने कहा कि अत्यधिक उन्नत विमान में यात्रियों का सुविधा का खास ख्याल रखा गया है, जिससे यात्रियों को सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त होता है। इससे दक्षिणी और मध्य क्षेत्र से यात्री यातायात में और वृद्धि होगी। सिंगापुर एयरलाइंस भारत के आठ शहरों से 30 अक्टूबर से साप्ताहिक 96 उड़ानें संचालित करेगी।
हैदराबाद के लिए विमान सेवा शुरू करेगा सिंगापुर एयरलाइंस