जम्मू : जम्मू कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह (जम्मू रेंज) ने गुरुवार को कहा कि उधमपुर जिले में दो बसों में हुए विस्फोटों में संभवत: टाइमर वाले स्टिकी बमों का इस्तेमा हुआ है। उधमपुर जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान दो धमाके हुए हैं। पहला धमाका बुधवार की रात डोमेल मोड़ पर एक बस में हुआ जबकि दूसरा गुरुवार सुबह पुराने बस अड्डे पर दूसरे बस में हुआ।
श्री सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘विभिन्न एजेंसियां इन मामलों की जांच कर रही हैं। हमलोग सभी जगहों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर काम कर रहे हैं और हाल ही में खोजे गए आतंकी मॉड्यूल के कनेक्शन पर भी ध्यान दे रहे हैं। शुरुआत में जांच के अनुसार, दोनों विस्फोट एक जैसे हैं और इनमें एक ही विस्फोटक का उपयोग हुआ है। इन विस्फोटों में टाइमर वाले स्टिकी बमों का उपयोग होने की आशंका है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है।”
उन्होंने कहा कि उधमपुर में पुराने बस अड्डे में खड़ी एक बस में आज सुबह 6:00 बजे विस्फोट हुआ जिसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि उधमपुर के डोमेल चौक पर बुधवार की रात 10:30 बजे एक पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक बस में विस्फोट हुआ था जिसमें दो लोग मामूली रूप से घायल हुए थे।
उधमपुर विस्फोट में संभवत : टाइमर वाले स्टिकी बम का इस्तेमाल : एडीजीपी