गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बीआरएस में तब्दील हुई टीआरएस

हैदराबाद : तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) सुप्रीमो के. चंद्रशेखर राव ने 2024 के आम चुनावों में अपनी राष्ट्रीय अभिलाषाओं को पूरा करने के मकसद से यहां तेलंगाना भवन में आयोजित टीआएस की आम सभा की बैठक को राष्ट्रीय दल ‘भारत राष्ट्र समिति’ (बीआरएस) के रूप में परिवर्तित कर दिया।
श्री राव ने विजयादशमी के शुभ अवसर पर बुधवार को अपराह्न 1.19 बजे आम सभा की बैठक में टीआरएस का नाम बदलकर बीआरएस करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इस बारे में घोषणा की। आम सभा की बैठक में उपस्थित 283 पदाधिकारियों ने संकल्प पर हस्ताक्षर किए।
उल्लेखनीय है कि अलग तेलंगाना राज्य की मांग को लेकर केसीआर ने 27 अप्रैल, 2001 को टीआरएस का गठन किया था। अब उन्होंने 21 साल बाद टीआरएस को बीआरएस में तब्दील कर दिया। टीआरएस आम सभा की बैठक में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, एमएलसी, पार्टी कार्यकारी समिति के सदस्यों, जिला परिषद अध्यक्षों, पार्टी के जिला अध्यक्षों और निगमों के अध्यक्षों ने भाग लिया।
उधर, राज्य भर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर राष्ट्रीय पार्टी के शुभारंभ का जश्न मनाया। प्रस्ताव में कहा गया,“टीआरएस पार्टी ने बुधवार को यहां अपने पार्टी मुख्यालय में आम सभा की बैठक की है। पार्टी जीबीएम ने सर्वसम्मति से पार्टी का नाम टीआरएस से बदलकर बीआरएस करने का संकल्प लिया, ताकि देश भर में अपनी गतिविधियों का विस्तार किया जा सके। इसी के अनुसार पार्टी के संविधान में भी संशोधन किया गया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *