जिन आप नेताओं के चेहरे चमकाने में 163 करोड़ रुपये खर्च किए गए, उनके खातों से पैसे की रिकवरी किया जाए- मनोज तिवारी
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अपना और आम आदमी पार्टी का चेहरा चमकाने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता के पैसे को पानी की तरह बहाया है जिस पर DIP ने केजरीवाल को 163.61 करोड़ रुपये का रिकवरी नोटिस भेजा है। दिल्ली भाजपा इसका स्वागत करती है और हमारी मांग है कि जब तक ये पैसे वापस नहीं किए जाते तब तक के लियें आम आदमी पार्टी के खाते को तुरंत प्रभाव से सीज किया जाए।
संवाददाता सम्मेलन का संचलन करते हुऐ प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा की आज मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल जनता के प्रति जवाबदेह हैं, मीडिया रिलेशन सह-प्रमुख विक्रम मित्तल भी उपस्थित थे। मनोज तिवारी ने कहा कि जिन पैसों से दिल्ली का चौतरफा विकास होना था उन पैसों को केजरीवाल और उनकी पार्टी ने दूसरे राज्यों में अपनी पार्टी और अपने नेताओं का चेहरा चमकाने में खर्च कर दिया । आज 10 दिनों के अंदर 163 करोड़ रुपये की रिकवरी की बात सुनकर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बौखला गए हैं और एक बार फिर से अराजकता का परिचय दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर स्वयं मुख्यमंत्री केजरीवाल को सामने आकर बात करनी चाहिए नहीं तो उनके 62 विधायकों में से जिनके भी चेहरे इन पैसे से चमकाने की कोशिश की गई है, उनके खाते से इस पूरी रकम की वसूली होनी चाहिए। मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार की योजना और सरकार से संबंधित विज्ञापन पर खर्च किए गए पैसों से भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन आम आदमी पार्टी के प्रचार के लिए दिल्ली सरकार के खजाने को लूटना कही से भी न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने याद दिलाया कि ऐसा नहीं है कि यह मामला पहली बार सामने आया है बल्कि साल 2017 में इस मामले में आम आदमी पार्टी उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा चुकी है लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। यह धन का सिर्फ दुरुपयोग नहीं बल्कि केजरीवाल सरकार द्वारा लूट मचाई गई है।