भुवनेश्वर : ओडिशा में सतर्कता अधिकारियों ने रविवार को मयूरभंज जिले के बारीपादी स्थित उप-कलेक्टर के कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ राजस्व सहायक को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। सतर्कता विभाग के सूत्रों ने बताया कि अधिकारी सेन तलाशी के दौरान उनके और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर करोड़ों की चल और अचल संपत्ति का पता लगाया।
उन्हें बारीपाद स्थित सतर्कता विभाग के विशेष न्यायाधीश की अदालत में भेजा जा रहा है। सेन, उनकी पत्नी और दो पुत्रों के खिलाफ इस संबंध में 2018 में मामला दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि अब तक मिली संपत्ति में सेन के पास मयूरभंज जिले के कुलियाना के रघुनाथगंज दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की एक तीन मंजिला महलनुमा इमारत, कुलियाना के पढ़ियारीपुर गांव में एक चार मंजिला इमारत, मयूरभंज के बारीपदा टाउन, कुलियाना, समखुंटा और बंगीरिपोसी के प्रमुख क्षेत्र में 15 भूखंड शामिल हैं।
इसके अलावा उनके पास 40 लाख रुपये से अधिक बैंक और बीमा राशि, 20.50 लाख रुपये मूल्य के तीन चौपहिया वाहन, चार दोपहिया वाहन, नकद, सोने के आभूषण और 30.55 लाख रुपये से अधिक के घरेलू सामान का भी पता चला है। गहन तलाशी और पूछताछ के बाद सेन की आय, व्यय और संपत्ति की गणना की गई और आय से अधिक संपत्ति उनके कब्जे में पाया गया, जो उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से 201 प्रतिशत अधिक है। मामले की जांच की जा रही है।