गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सेंथिलबालाजी की हुई बाईपास सर्जरी

चेन्नई : वी. सेंथिलबालाजी की बुधवार को यहां कावेरी अस्पताल में बाईपास सर्जरी हुई। उनको मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किया गया था। कावेरी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल के सह-संस्थापक और कार्यकारी निदेशक डॉ. अरविंदन सेल्वराज द्वारा जारी एक मेडिकल बुलेटिन में बताया गया “ तमिलनाडु के मंत्री श्री सेंथिलबालाजी की आज सुबह डॉ. ए.आर. रघुराम, वरिष्ठ सलाहकार कार्डियो थोरैसिक सर्जन और उनकी टीम द्वारा बीटिंग हार्ट कोरोनरी आर्टरी बाईपास सर्जरी की गई।”

सेंथिलबालाजी की आईसीयू में डॉक्टरों की एक टीम द्वारा निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर तय करेंगे कि उन्हें कितने समय तक अस्पताल में रुकना पड़ेगा। इससे पहले, ईडी द्वारा मंत्री को उनके सरकारी आवास और राज्य सचिवालय में उनके चैंबर में 17 घंटे की लंबी छापेमारी के बाद, आज सुबह गिरफ्तार किया गया और 28 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मंत्री को पूछताछ के लिए एक कार में ईडी कार्यालय ले जाया जा रहा था, उसी दौरान उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की। उन्हें ओमंदुरार सरकारी मल्टी सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां एंजियोग्राम से पता चला कि उनकी रक्त वाहिकाओं में तीन ब्लॉक हैं और डॉक्टरों ने जल्द से जल्द बाईपास सर्जरी की सलाह दी थी।
बाद में, उन्हें मद्रास उच्च न्यायालय के आदेश पर कावेरी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। दरअसल, उनकी पत्नी ने एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाय़र की कि उन्हें कावेरी अस्पताल में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया जाए, जहां वे पहले नियमित रूप से इलाज करा रहे थे। जिसके बाद, अदालत ने उन्हें निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की अनुमति दे दी।
मुख्य सेशन अदालत में ईडी ने एक याचिका दायर कर मंत्री की 15 दिन की हिरासत मांगी थी लेकिन अदालत ने मंत्री की ओर से दायर याचिका और एक अन्य की ओर से मंत्री को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने को रद्द करने के लिए दायर याचिका को खारिज कर ईडी को आठ दिन की हिरासत में रखने की अनुमति दी थी साथ ही निर्देश भी दिये थे कि मंत्री को 23 जून को तीन बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष पेश किया जाय।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *