गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शरद पवार को जान से मारने की धमकी

मुंबई : शरद पवार को शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली। उऩके फेसबुक पेज पर कई पोस्ट में से एक में पवार को धमकी दी गई ,“ आप जल्द ही दाभोलकर बन जाएंगे।” इसके अलावा, सौरभ पिंपलकर के ट्विटर हैंडल पर पवार के बारे में आपत्तिजनक एक पोस्ट है, इन दोनों धमकियों को एनसीपी ने गंभीरता से लिया है।
राकांपा की बारामती से सांसद एवं पवार की पुत्री सुप्रिया सुले के नेतृत्व में राकांपा प्रतिनिधिमंडल ने आज सुबह मुंबई पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। पुलिस आयुक्त ने सुले को आश्वासन दिया कि वह व्यक्तिगत रूप से इस मामले को देखेंगे। सुश्री सुले ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने मांग की कि पवार को मिली धमकी की पूरी तरह से जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में दमन और गैंगस्टरवाद जारी है। मैं देश के गृह मंत्री से न्याय मांग रही हूं।”
उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में कुछ गलत होता है तो इसके जिम्मेदार देश और राज्य के गृह मंत्री होंगे। सुले ने यह भी मांग की कि महाराष्ट्र सरकार शिकायत का संज्ञान ले और पवार की सुरक्षा सहित जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करें। इसके पीछे कौन है सामने आना जरुरी है। इन सबकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए। सुले ने कहा, “मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से न्याय मांग रही हूं।”
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी न्याय की मांग की। सुले ने मीडिया से कहा कि पवार देश के नेता हैं और अमित शाह देश के गृह मंत्री हैं। महाराष्ट्र में गृह विभाग लगातार विफल हो रहा है। महिला सुरक्षा के मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय को तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर शाह को राज्य में स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए। महाराष्ट्र शांतिप्रिय है। यह कोई संयोग नहीं है कि ऐसी घटनाएं महाराष्ट्र में लगातार हो रही हैं। नगर, सोलापुर, कोल्हापुर, कैसे-कैसे बातें होती रहती हैं, इसका मतलब इसके पीछे अन्य कोई छिपा हुआ है, जो यह सब कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस की जासूसी एजेंसी क्या कर रही है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *